कुल्लू के बंजार में भीषण अग्निकांड

बंजार (कुल्लू)। कुल्लू के बंजार में भीषण अग्निकांड में 14 दुकानों समेत 13 मकान जलकर राख हो गए हैं। सोमवार रात को बंजार बाजार में लगी इस आग से 31 परिवार प्रभावित हुए हैं। चार परिवार बेघर हो गए हैं। लगभग पौने दो करोड़ का नुकसान होने का अनुमान है। बाजार में आग की भेंट चढ़े 13 मकानों में ही 14 दुकानें थीं। आग कैसे लगी इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। फिलहाल, इसे शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
सोमवार रात करीब साढे़ बारह बजे बंजार के मुख्य बाजार में एक दुकान में आग लग गई। यह दुकान एक मकान में थी। इसके साथ दूसरे मकान भी सटे थे। आग की लपटें देख इन मकानों में रह रहे लोग बाहर दौड़े। पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। लोगों ने पहले बाल्टियों से पानी फेंक कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी, लेकिन कुल्लू से जब तक अग्निशमन वाहन पहुंचते, 13 मकान और उनमें चल रही 14 दुकानें जल कर राख हो गईं। इन मकानों में कई किरायेदार भी थे। आग में तीन मेडिकल स्टोर, कन्फेक्शनरी की 3, सब्जी की 2 और बर्तन, आभूषण एवं किताबों की दुकानें जल गईं। बार्बर की दुकान और एक कंप्यूटर सेंटर भी राख हो गया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम बंजार वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फौरी राहत के तौर पर मकान मालिकों को 20-20 हजार और दुकानदारों को 5-5 हजार दे दिए गए हैं। प्रभावितों के लिए बिस्तरों, राशन और टैंटों की व्यवस्था भी की जा रही है। मंगलवार सुबह बंजार के विधायक कर्ण सिंह ने भी घटना स्थल का दौरा कर प्रभावितों को हर संभव सहायता देने का वायदा किया।

तीन घंटे बाद पहुंचे अग्निशमन वाहन
आग लगने की सूचना देने के तीन घंटे बाद कुल्लू से अग्निशमन वाहन बंजार पहुंचे। उपमंडल बंजार में यदि अग्निशमन केंद्र होता, तो इतना नुकसान नहीं होता। बार-बार मांग करने पर भी अग्निशमन केंद्र न खोलने से गुस्साए लोगों ने मंगलवार सुबह बाजार में धरना-प्रदर्शन किया। इसी बीच, मौके पर पहुंचे विधायक का भी घेराव किया गया।

Related posts