
मैहतपुर (ऊना)। रद्दी के टुकड़ों की नोटों की गड्डियां थमाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड फरार शातिर अभी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। इस शातिर की धरपकड़ को पुलिस ने काफी हाथ पांव मारे, लेकिन कामयाबी न मिल सकी। सूत्रों के मुताबिक निजी बस में जाते वक्त उसने साथ बैठी सवारी के मोबाइल से अपने इन साथियों को फोन कर पूछा कि क्या हुआ? पुलिस की योजना के मुताबिक उसके साथियों ने बताया कि उन्हें पुलिस ने छोड़ दिया है, आप कहां हो? पूछने पर उसने बताया कि ऊना बस अड्डे के समीप रेड लाइट चौक पर खड़ा हूं। मैहतपुर पुलिस ने फौरन ऊना का रुख किया और रक्कड़ पहुंचकर दोबारा उसी नंबर पर संपर्क कर जानना चाहा कि वह कहां है तो पता चला कि वह फोन तो किसी यात्री का है। अब पुलिस टीम के पास खाली हाथ लौटने के सिवा अन्य कोई चारा नहीं था।
शनिवार को पुलिस टीम ने दिन भर ठग गिरोह के चारों सदस्यों से गहन पूछताछ की। फरार शातिर की तलाश में कई जगहों पर पुलिस टीम ने दबिश दी। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने पकड़े गए चारों शातिर युवकों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हेें चार दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया गया है।
