
सोलन । चार दिनों से हो रही बारिश से क्षेत्रीय अस्पताल के कर्मचारियों और कुछ मरीजों पर भारी पड़ रही है। अस्पताल के फीमेल मेडिकल वार्ड और सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी रूम पानी से भरे हुए हैं। वहीं अस्पताल प्रबंधन इसे नकार रहा है। प्रबंधन के अनुसार फीमेल वार्ड में पानी भरने की सूचना नहीं है, वहीं कर्मचारियों के कमरों की मरम्मत जल्द करवाई जाएगी।
अस्पताल में सफाई कर्मचारियों को मुहैया करवाए हुए ड्यूटी रूम की छत में दरारें पड़ी हुई हैं। अधिक बारिश होने के कारण वहां से पानी रिसने लगता है और कर्मचारियों की समस्या बढ़ जाती है। वहीं यही हाल फीमेल मेडिकल वार्ड का है। जहां मौजूदा समय में करीब नौ महिलाएं और उनके तीमारदार हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने ऐसे रूम उपलब्ध करवाए जहां अगर बारिश कुछ घ्ंाटे जारी रहे तो पानी रिसना शुरू हो जाता है । प्रशासन को कर्मचारियों के नए ड्यूटी रूम उपलब्ध करवाने चाहिए या फिर इन कमरों का रिपेयर करवानी चाहिए। वहीं इस संबंध में एमएस डा. आरके बारिया ने बताया कि फीमेल मेडिकल वार्ड में पानी भरने की कोई शिकायत नहीं आई है। वहीं सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी रूम में पानी भरा है इसे जल्द ही ठीक करवाया जाएगा।
