
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा पुलिस ने शुक्रवार को अलग-अलग जगहों पर दो लोगों को चरस के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने नैहरनपुखर में देहरा रोड की तरफ जा रहे मदन लाल निवासी नैहरनपुखर को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के थैले से करीब 67 ग्राम चरस बरामद की। जबकि दूसरे मामले में यातायात पुलिस ने देहरा के तलाई नामक स्थान पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को रोका और उसके मोटरसाइकिल के दस्तावेज चेक किए। पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान करीब 11 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी कांगड़ा अशोक वर्मा और थाना प्रभारी सर्वजीत सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले बरामद हुई थीं नशीली दवाइयां
एक सप्ताह के भीतर ही पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के चार मामले पकड़े हैं। सोमवार को पुलिस ने हनुमान चौक पर नाके के दौरान एक कार से करीब आठ हजार प्रॉक्सीवन के कैप्सूल और 100 शीशियां कोरेक्स की बरामद की थीं। इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह देहरा के खबली गांव में भी पुलिस ने एक व्यक्ति से 40 पुड़ियां स्मैक पकड़ीं। जबकि, शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
