
पंजावर (ऊना)। बीएसएनएल की लचर व्यवस्था के चलते आए दिन लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोअर पंडोगा में पिछले चार महीनों से मोबाइलों में सिग्नल गायब है। इससे लोगों को आए दिन दिक्कतें पेश आती हैं।
लोगों का आरोप है कि चार महीने पहले निगम की ओर से पंडोगा में टावर लगाया गया था। इससे क्षेत्र में संचार सेवा की समस्या को हल करने दावे किए जा रहे थे। लेकिन बावजूद इसके टावर सफेद हाथी ही साबित हो रहा है। लोगों को फोन सुनने के लिए अपने घरों की छतों पर चढ़कर सिग्नल ढूंढना पड़ रहा है। लोगों ने बीएसएनएल की कार्यप्रणाली के खिलाफ गहरा रोष जताया है। लोअर पंडोगा वासियों में पवन कुमार, सतीश कुमार, राज कुमार, शशी कुमार, राम दयाल, जुगल किशोर, कुलदीप कुमार, चमन लाल, परमजीत, हरदयाल सिंह, अच्छर सिंह, प्रवीण कुमार, रमन कुमार, राकेश कुमार, सतपाल, अश्वनी कुमार, गुलजारी लाल, मदन लाल, ममता देवी, सरिता देवी और आशा देवी का कहना है कि पंडोगा में लगाए गए बीएसएनएल के टावर का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आए दिन मोबाइलों से सिग्नल गायब रहता है। मोबाइल मात्र शोपीस बनकर ही रह गए हैं। लोगों ने कहा कि जब भी मोबाइल की घंटी बजती है तो काल रिसीव करते ही फोन कट जाता है। इससे उनकी बात भी अधूरी रह जाती है।
उन्होंने बीएसएनएल से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षेत्र में संचार सेवाएं सुधारी जाएं। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते निगम ने समस्या का हल न निकाला तो उन्हें मजबूरन अन्य संचार सेवाओं का सहारा लेने को विवश होना पड़ेगा।
कोट्
पंडोगा में स्थापित टावर ने काम करना शुरू कर दिया है। तकनीकी फाल्ट के कारण वहां वीक सिग्नल की समस्या है। जल्द ही इस समस्या को दुरुस्त कर दिया जाएगा। -जेटीओ नितेश कुमार, बीएसएनएल
