
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की चौक पंचायत में रातोंरात सड़क का निर्माण करने पर बवाल मच गया है। इस मामले में कुछ ग्रामीणों ने प्रधान पर आरोप लगाए हैं। वहीं सड़क निर्माण को लेकर हुए झगड़े के बाद यह मामला थाने में भी पहुंच गया। शिकायत में कहा है कि सड़क निर्माण के दौरान दर्जनों पेड़ कटे हैं। इसके साथ आईपीएच महकमे के पेयजल टैंक की चहारदीवारी और पाइपों को नुकसान पहुंचा है। इस कारण करीब एक सौ परिवारों की पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी गई है।
लोगों कहा कि सड़क के कार्य का विरोध किया तो कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की धुनाई कर डाली। मामला बढ़ने पर बीएसएल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। चौक पंचायत के नौलखा में ईंट भट्ठा के पीछे एक हाउसिंग प्रोजेक्ट चल रहा है। इसमें आने जाने के लिए सड़क नहीं है। लोगों का आरोप है कि कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए सरकारी जमीन पर करीब सौ मीटर के करीब सोमवार को दो जेसीबी लगवाकर वाहन योग्य सड़क का निर्माण कर दिया। स्थानीय निवासी लेखराम और रूप लाल ने बताया कि सड़क के निर्माण के दौैरान उनके खेतों में मलबा भी गिरा। स्थानीय निवासी इंद्र सिंह, प्यार सिंह, हरि सिंह, परस राम, रोशन लाल, जोगिंद्र पाल, तारा चंद और योगराज ने कहा कि पेयजल पाइप को सड़क निर्माण से नुकसान पहुंचा है। पंचायत ने इस काम को लेकर किसी को विश्वास में नहीं लिया। राजेंद्र भंडारी ने बताया कि इसकी शिकायत सहायक निर्वाचन अधिकारी सुंदरनगर के पास भी दर्ज करवाई है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि शिकायत मिली है। जांच आरंभ कर दी है।
जांच के दे दिए हैं आदेश
आचार संहिता के दौरान किसी भी तरह के निर्माण कार्य जिससे मतदान पर असर पड़ता हो नहीं किया जा सकता। सड़क निर्माण करने की शिकायत मिली है। इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं।
एचएस राणा, सहायक निर्वाचन अधिकारी, सुंदरनगर
पेयजल पाइपें हुई हैं क्षतिग्रस्त
चौक पंचायत में रातों रात सड़क निर्माण होने से पेयजल टैंक की लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसे दुरुस्त करने में दो दिन लगेंगे। विभाग की ओर से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की बीएसएल थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
धर्मेंद्र गिल, अधिशासी अभियंता आईपीएच सुंदरनगर
सभी औपचारिकताएं की हैं पूरी : प्रधान
पंचायत ने सड़क निर्माण का काम सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किया है। पेड़ काटने की भी वन विभाग से मंजूरी ली है। इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती है।
बेली राम, पंचायत प्रधान चौक।
