बारिश से जिले के एक दर्जन मार्ग बंद

नाहन (सिरमौर)। पिछले तीन दिन से लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते बुधवार को जिले के करीब एक दर्जन मार्ग यातायात के लिए बंद पड़े रहे। हालांकि, लोक निर्माण विभाग की तरफ से इन मार्गों को खोलने के प्रयास जारी हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण उनके प्रयासों पर पानी फिर गया है।
जिले में सीजन की दूसरी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। दर्जनों मार्ग मलबा, पत्थर और पेड़ गिरने के कारण बंद हैं। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बुधवार को एचआरटीसी सहित कई निजी बसें अवरुद्ध मार्गों पर घंटों फंसी रहीं। बाद में लोनिवि ने जेसीबी से बसों को मार्ग से निकाला। एचआरटीसी के जिला सहायक अड्डा प्रभारी सुखराम ठाकुर ने बताया कि पिछले तीन दिन से हो रही भारी वर्षा के कारण बुधवार को सोलन-शिलाई, शिलाई-नाहन, राजगढ़-नाहन, थनगा-नाहन, कुपवी-नाहन, रतवा-नाहन, नाहन-कोरग, चमोगा-सराहां, सराहां-घाटो, कुमारहट्टी-नाहन और सराहां-परवाणू मार्ग बंद रहे।
इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल शर्मा का कहना है कि विभाग की ओर से जगह-जगह जेसीबी भेज दी गई हैं। जिला के सभी मार्ग जल्द ही यातायात के लिए बहाल कर दिए जाएंगे।

Related posts