
नौहराधार (सिरमौर)। जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में रविवार सुबह एक बार फिर बर्फबारी हुई। बर्फबारी से चूड़धार के साथ लगते क्षेत्र नौहराधार, हरिपुरधार, चाढ़ना, घंडूरी, चौरास एवं देवामानल आदि इलाकों में ठंड बढ़ गई है। अप्रैल का आधा माह बीतने पर भी क्षेत्र में अभी तक ठंड जारी है। रविवार को नौहरा बाजार ठंड से बचने के लिए दुकानदारों को हीटर एवं गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। क्षेत्र में बिजली की आंख मिचोली भी दिन भर जारी रही।
नौहरा व्यापार मंडल प्रधान सुरेश बाबी, चेतन चौहान, बीनू, नरपत शर्मा, सुरेश कुमार, जितेंद्र चौहान आदि ने बताया कि रविवार को बारिश व बर्फबारी के चलते उन्हें हीटर एवं गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। रविवार से समूचे क्षेत्र में ठंड एक बार फिर से बढ़ गई है।
उधर चूड़धार स्थित मंदिर के स्वामी कमलानंद महाराज ने बताया कि चूड़धार में रविवार सुबह आधा फुट बर्फबारी हुई है। बर्फबारी सुबह से दोपहर तक रुक-रुक कर हुई।
