
राजपुर (सिरमौर)। खोदरी माजरी पंचायत से सटे यमुना एवं नाव घाट में अवैध खनन करने वाले दो ट्रकों से खनन विभाग ने जहां 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला, वहीं पुलिस ने अन्य चार वाहनों को सीज कर दिया।
शनिवार को ‘रेत-बजरी की खुलेआम तस्करी’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इससे पूरा प्रशासन हरकत में आया और बड़े पैमाने पर यमुना नदी के किनारे मौके पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया जिससे खनन माफियाओं पर हड़कंप मच गया।
जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज के निर्देश पर खनन रक्षक संजीव कुमार, अजय कुमार, गोपाल वर्मा, चुन्नी लाल, सिंघपुरा पुलिस प्रभारी रणजीत सिंह, मुख्य आरक्षी कल्याण सिंह, जयप्रकाश, लक्ष्मीनंद, जगदीश एवं कमलेश की संयुक्त टीम ने गोजर, खोदरी, टापू, अडैन गांव तथा यमुना नदी में छापामारी की। मौके पर पुलिस ने दो ट्रकों एवं दो ट्रैक्टरों को सीज कर दिया। जबकि खनन विभाग ने एक अन्य ट्रक से 25 हजार एवं एक ट्रैक्टर से पांच हजार रुपये बतौर जुर्माना वसूला। पुलिस एवं खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई की भनक लगते ही दर्जनाें अवैध खनन माफिया मौके से भाग खड़े हुए।
जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज एवं एसएचओ भीष्म ठाकुर ने कहा कि खबर प्रकाशित होने तथा छापामारी की भनक लगने से पहले कुछ रेत तस्कर मौके से चंपत हो गए थे। पुलिस बल के सहयोग से खनन विभाग की टीम ने दो ट्रकों एवं दोे ट्रैक्टरों को पुलिस के हवाले कर दिया। अन्य एक ट्रक एवं एक ट्रैक्टर से खनन विभाग ने 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
