कांस्टेबल और होमगार्ड पर जांच

दाड़लाघाट (सोलन)। हुड़दंग मचाने के आरोप में पंचायत प्रधान को गिरफ्तार करने का मामला गर्मा गया है। प्रधान की शिकायत पर रविवार को डीएसपी दाड़लाघाट ने एक कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं। जबकि एक होमगार्ड जवान को भी जांच के दायरे में लिया गया है। दोनों से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस को आदेश दे दिए हैं।
रविवार को प्रधान समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण डीएसपी दाड़लाघाट से मिले। इस दौरान प्रधान ने एक लिखित शिकायत सौंपी, जिसमें उन्होंने एक कांस्टेबल और होमगार्ड जवान पर मारपीट करने का आरोप लगाया। शिकायत में नवगांव पंचायत प्रधान जयदेव ने कहा कि उनकी दाड़ला मोड़ पर इलेक्ट्रानिक की दुकान है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद करके साथ के ढाबे में एक नेपाली मूल के व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान दाड़लाघाट पुलिस की एक गाड़ी वहां आई, जिसमें से पुलिस जवान और होमगार्ड नीचे उतरा। उनके साथ गाली गलौच करने लगा। आरोप है कि दोनों ने प्रधान के साथ गाली गलौच की। उसके बाद उन्हें गाड़ी में बिठाकर दाड़लाघाट ले गए। जहां से उन्हें मेडिकल के लिए अर्की ले जाया गया। उनके साथ पुलिस जवान और होमगार्ड को भेजा गया। जब वह मेडिकल करवाकर वापिस दाड़लाघाट आ रहे थे, तो दोनों ने प्रधान के साथ रास्ते में डंडों से मारपीट की। आरोप है कि पुलिस कांस्टेबल ने धमकी दी की यदि उसने कुछ कहा तो वह झूठा केस बनाकर अंदर कर देंगे। प्रधान के अनुसार जब अर्की में तहसीलदार के कहने पर उनका मेडिकल करवाया गया, तो एक्सरे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने डीएसपी से मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। इसकी पुष्टि करते हुए डीएसपी दाड़लाघाट विनोद कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच बिठा दी गई है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है।

यह था मामला
नवगांव के प्रधान जयदेव को शुक्रवार रात को पुलिस ने दाड़ला मोड़ पर हुड़दंग मचाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मेडिकल में शराब की पुष्टि हुई थी। शनिवार को अर्की तहसीलदार ने प्रधान को जमानत पर रिहा कर दिया था।

ये ग्रामीण रहे मौजूद
रविवार को थाने में प्रधान के पक्ष में उपप्रधान चमन लाल, पूर्व बीडीसी भगत राम शर्मा, पूर्व उपप्रधान संतराम, वार्ड सदस्य नरेंद्र, धर्मपाल, नीमचंद, निर्मला, प्रेमलता, इंद्र जीत, सुरेंद्र शुक्ला, रामकृष्ण, जगदीश, बबलू राम आदि मौजूद रहे।

Related posts