
बरठीं (बिलासपुर)। थाना शाहतलाई के अंतर्गत बरठीं बाजार के बीचोंबीच स्थित एक शोरूम पर शुक्रवार रात अज्ञात लोगों ने पत्थर बरसाए। शोरूम में लगे शीशों को कथित हुड़दंगी तोड़ गए हैं। जिससे शोरूम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। शोरूम के मालिक ने हाल ही में चंडीगढ़ के ठेकेदार से यह कार्य करवाया था। उधर, पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शृंगार शोरूम बरठीं के मालिक कृष्ण गोपाल शर्मा के मुताबिक करीब दो दिन पहले ही शोरूम में शीशे की लगवाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए थे। बरठीं के स्थानीय लड़के ने ही एक दिन पूर्व उन्हें धमकी दी थी। हालांकि उन्होंने इस धमकी को हल्के से लिया। लेकिन जब वह अगले दिन अपने शोरूम में पहुंचे तो देखकर हैरान रह गए। उन्होंने देखा कि शोरूम के शीशे टूटे पड़े हुए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हुड़दंगी वहां से भाग गए थे। शोरूम के मालिक ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। बहरहाल इस मामले में तलाई पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। डीएसपी घुमारवीं अंजनी जसवाल ने बताया कि शृंगार शोरूम बरठीं के मालिक कृष्ण गोपाल शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शक के आधार पुलिस छानबीन कर रही है।
