
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस के लिए हाहाकार मच गया है। गुस्साए उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग और एजेंसी को चेताया है कि अगर आपूर्ति बहाल न की गई को आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। गांवों समय पर गैस की सप्लाई न आने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि कई इलाकों में तो तीन माह से सप्लाई नहीं आ रही है। इस कारण गृहिणियों को खाना बनाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने पर भी सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं, सप्लाई अभी तक नहीं आई है। क्षेत्र की महिलाओं सरस्वती कायथ, सुमित्रा, पार्वती, सुमन लता, निर्मला, चंद्रा देवी, नीता देवी, रूपा, सुषमा, निर्मला, कतला देवी और सीमा का कहना है कि अब वन विभाग ने जंगल से लकड़ी एकत्रित करने पर भी रोक लगा दी है। इस कारण लकड़ी भी नहीं मिल पा रही है। वहीं, बिजली के अघोषित कट के चलते इंडक्शन और हीटर भी नहीं चल पाते हैं। ऐसे में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गैस की सप्लाई भेजने की मांग की है।
इस संबंध में रामपुर गैस एजेंसी प्रभारी कर्म सेन का कहना है कि इस क्षेत्र के लिए गैस सप्लाई रूटीन वाइज मुहैया करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
