यहां पर रास्तों से गुजरना भी खतरे से खाली नहीं

रामपुर बुशहर। नगर परिषद के वार्ड नंबर एक में कई समस्याएं हैं, लेकिन नगर परिषद का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। वार्ड नंबर एक के खूनी रास्ते (सफेद ढांक) का अभी तक सुधार नहीं हो पाया है, यहां से गिरकर कई लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कुल्याणपुर में शौचालय भी सुचारु रूप से न चलने के कारण लोगों की परेशानी हो रही है। निकासी नालियों में ड्रेनेज की सही व्यवस्था न होने से बदबू और कीचड़ से लोगों का रास्ते से गुजरना मुसीबत बन गया है।
वार्ड के लोगों अनीता शर्मा, पूर्ण देवी, हिम्मति देवी, दीपक, सीआर शर्मा, एसएस मेहता, देवी दास, एसपी शर्मा, हीरा लाल शर्मा, केवल राम बांश्टू, प्रवीण और पुनित कुमार का कहना है कि वे लोग नप को टैक्स दे रहे हैं, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाएं देने में नप असफल साबित हो रही है। नप का शौचालय भी अकसर बंद रहता है। उन्होंने कहा कि चहेतों के रास्तों को प्रमुखता से ठीक करवाया जा रहा है, तो आम रास्तों को पक्का ही नहीं किया जा रहा। लोगों ने नप के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं, लावारिस कुत्तों का भी इस वार्ड में जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में रात के समय रास्तों से गुजरना खतरे से खाली नहीं है, रास्तों के साथ स्ट्रीट लाइटों के खंभे तो हैं पर बल्ब नहीं। लोगों ने बताया कि समस्याओं के बारे में कई मर्तबा नप को सूचित भी किया गया। लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकल रहा। ऐसे में वे मात्र टैक्स और वोट देने तक ही सीमित रह चुके हैं।
वार्ड में कार्यरत एनजीओ हिम हाइड्रो सोसायटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ठाकुर, नितिन क्रेट, टेक सिंह क्रेट, हुकम सिंह, भूपेंद्र कुमार, हंस राज और अन्य ने बताया कि वार्ड में एंबुलेंस रोड न होना भी एक समस्या है, जबकि इस वार्ड के लिए कांडी से डुग्गी रिऊणी तक सड़क निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए एनजीओ की ओर से स्थानीय लोगों केे साथ मिलकर करीब 70 हजार रुपये की राशि विभिन्न कागजी औपचारिकताओं में खर्च की जा चुकी है, लेकिन बावजूद इसके नगर परिषद का वांछित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। सड़क के बनने से करीब 200 परिवारों को फायदा पहुंचेगा। लोगों को गैस सिलेंडर लाने के लिए 100 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे है। बीमारी की हालत में मरीज को उठा कर पिपटी सड़क तक पहुंचाने में करीब एक घंटे का समय लग जाता है।
..क्या कहते है पार्षद..
वार्ड नंबर एक के पार्षद चंद्रमोहन रोल्टा ने कहा कि जल्द ही समस्याओं का हल किया जाएगा। उन्होंने डुग्गी रिऊणी एंबुलेंस मार्ग का निर्माण कार्य दो से तीन माह में शुरू करने की उम्मीद जताई है।

Related posts