
सुलतानपुर (चंबा)। जालपा माता मंदिर मोहल्ला मांई का बाग में रामनवमी के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जालपा मंदिर में रामनवमी के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और माता के दरबार में सुख शांति की मन्नतें मांगी। इसके बाद समस्त श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी के प्रधान पुष्पनाथ ने बताया कि हर वर्ष कमेटी द्वारा रामनवमी के अवसर पर विशाल भंडारा लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष कांगड़ा में स्थित ज्वालामुखी से ज्वाला मां की पावन ज्योति प्रथम नवरात्र के दिन मोहल्ले के जालपा मंदिर में स्थापित की जाती है और रामनवमी तक हर दिन मां ज्वाला, मां काली, मां शारदा की विधिवत पूजा अर्चना की जाती है। उन्होंने बताया कि बुधवार को मां की शोभा यात्रा निकाली जाएगी और ज्वाला मां की ज्योति व काली मां की मूर्तियों का विधिवत रूप से रावी नदी में विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन बीते 40 वर्षों से किया जा रहा है। उन्होंने शहर के समस्त श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि बुधवार को मां ज्वाला व मां काली की शोभा यात्रा में भाग लें। इस मौके पर कमेटी के उप प्रधान कन्हैया, कोषाध्यक्ष पवन मेहरा, सचिव दीपक कुमार, बिन्नी, अंकुज, पंकज, रिंपा, सोनू कुमार, रिक्की, पूजा ठाकुर, सपना, सोनम सोनी और नेहा मौजूद रहे।
शिक्षकों के पदों के लिए मांगे आवेदन
मैहला (चंबा)। जय कृष्ण गिरि सरस्वती विद्या मंदिर मैहला में शिक्षकों के पद भरे जाएंगे। इसके लिए कमेटी ने शिक्षकों के आवेदन आमंत्रित किए हैं। टीजीटी नान मेडिकल, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी अंग्रेजी, टीजीटी शास्त्री के पदों के लिए इच्छुक शिक्षक आवेदन कर सकते हैं। योग्यता के संबंध में जानकारी लेने के लिए विद्या मंदिर में संपर्क किया जा सकता है। जय कृष्ण गिरि विद्या मंदिर प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने बताया कि 20 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
