
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के साथ लगते बलग के पास बीती सोमवार देर रात को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है, जिसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बलग के साथ लगते कोटी गांव के पास रामपुर से रेत लेकर आ रहा ट्रक नंबर एचपी 52 बी 2006 सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही ट्रक के नीचे दब जाने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान लक्ष्मी सिंह उर्फ सोनू पुत्र जीत सिंह गांव गाड़ला ननो बलग के रूप में हुई है।
हादसे के वक्त जागरण से लौट रहे सुजान सिंह ने इसकी सूचना गांव वालों को दी। गांव वालों ने मौके पर पहुंच कर चालक को तलाश किया, लेकिन वह ट्रक के नीचे दब गया था। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को निकाला, जिसका मंगलवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी रतन सिंह नेगी बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
