32 कमरों का मकान राख, 55 लाख क्षति

गोहर (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र की पंचायत पंजाई के बहलीधार गांव में रविवार रात भीषण अग्निकांड में 32 कमरों का मकान जलकर राख हो गया। अग्निकांड से करीब 55 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। चार परिवारों के इस मकान में अधिकतर किरायेदार रहते थे। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
रात को बहलीधार गांव निवासी रेवती राम, ठाकर दास, दिलेराम और तेज सिंह के 32 कमरों के रिहायशी मकान में अचानक आग भड़क गई। गांव के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। लेकिन आग ग्रामीणों के नियंत्रण पाने से बाहर हो चुकी थी। इससे मकान में किरायेदारों की सिलाई मशीनें, बुक डिपो और खाद्य सामग्री राख हो गई। चार परिवारों के बेघर होने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना में घर का सारा सामान, कपड़े, राशन, टीवी, सोना, चांदी और नगदी भी जलकर राख हो गई। हल्का पटवारी ने मौके पर जाकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। इसमें आगजनी से करीब 55 लाख का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। अग्निशमन केंद्र के न होने से सराजघाटी में फिर एक मकान आग की भेंट चढ़ा। पंचायत प्रधान कुलजीत कौर ने प्रशासन और सरकार को फौरी राहत और मौका करने की सूचना दी। कृषि विभाग का पंचायत के लिए आया बीज और औजार भी जलकर नष्ट हो गए हैं।
एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान और नायब तहसीलदार जय गोपाल शर्मा ने घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया और रेवती राम और ठाकर दास को को 10-10 हजार तथा तिरपाल फ ौरी राहत के तौर पर दिए। एसडीएम ने बताया कि दिलेराम और तेज सिंह राजस्व रिकार्ड में नहीं हैं। एसपी आरएस नेगी ने घटना की पुष्टि की है। बताया कि पुलिस आग के कारणों का पता लगा रही है।

Related posts