बस स्टैंड की समस्या बरकरार, जाम से परेशानी

पंचरुखी (कांगड़ा)। स्थानीय बाजार में आए दिन लग रहे जाम से लोग मुश्किल में हैं। पंचरुखी में पिछले कई साल से बस स्टैंड की समस्या बनी हुई है। आज तक न तो कांग्रेस और न ही भाजपा ने इस तरफ ध्यान दिया है। व्यवसायी विनोद भूरिया ने कहा कि मुख्य बाजार में सारा दिन जाम लगा रहता है। जब तक पिछली बस नहीं आती, आगे वाली जाने का नाम नहीं लेती। जिससे जाम लगा रहता है। व्यवसायी यशपाल शर्मा और विरेंद्र राणा ने कहा कि रेलवे लाइन के ऊपर ब्लॉक समिति की जमीन है और इसे बस स्टैंड बनाने के मकसद से प्लान किया जाए। पंचरुखी में बस स्टैंड की बेहद जरूरत है। बीडीओ संत राम ने कहा कि रेलवे लाइन से ऊपर वाली जमीन ब्लॉक समिति की है। जोकि पांच कनाल है। इसकी निशानदेही के लिए आवेदन किया है। इसके बाद पंचायत समिति से बैठक कर इस पर चर्चा की जा सकती है। उधर, विधायक यादवेंद्र गोमा ने कहा कि बस स्टैंड के लिए जमीन प्रमुख मुद्दा है। जमीन मिल जाती है तो बस स्टैंड बना दिया जाएगा। इस समस्या से लोगों को निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

Related posts