
जवाली (कांगड़ा)(संजय धीमान)क्षेत्र के दो पंचायत प्रधानों को जान से मारने की धमकी मिली है। इस बाबत थाने में मामला दर्ज हो गया है। धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्राम पंचायत पलोहड़ा के प्रधान डॉ. राजिंद्र सिंह तथा लुधियाड़ पंचायत प्रधान सेवा सिंह ने पुलिस थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह वे दोनों सैर करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति आया और कहने लगा कि मेरी पत्नी भाग गई है। उसे वापस लाओ। इस दौरान गाली गलौज भी करता रहा। दोनों ने बताया है कि वे इस बात को अनसुना कर आगे बढ़ गए। इतने में व्यक्ति पीछे से तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर आया। अगर छलांग लगाकर सड़क से पीछे नहीं हटते तो गाड़ी को ऊपर चढ़ाकर कुचल देता। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
