
ऊना(विवेक त्रिपाठी)जिला पंचायत कार्यालय के आडिट आफिसर की ओर से की गई जांच के आधार पर डीसी अभिषेक जैन ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोपी पाए गए पंचायत सचिव लखवीर सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पंचायत सचिव से रिकवरी के निर्देश भी उन्होंने जारी किए हैं।
जानकारी के मुताबिक लखवीर सिंह इन दिनों गगरेट ब्लाक में कार्यरत हैं। इन्कवायरी रिपोर्ट में हरोली ब्लाक की ललड़ी पंचायत में उनकी तैनाती के दौरान विभिन्न वित्तीय अनियमितताएं बरतने सहित फर्जीवाड़े का दोषी पाया गया है। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि इन्कवायरी रिपोर्ट में यह पाया गया कि उक्त पंचायत सचिव ने फर्जी हस्ताक्षर करके विभिन्न मदों से 28 लाख रुपये निकाले। इसके अलावा उन्हें मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी करने, मनरेगा की दिहाड़ी अपने पास रख लेने, पंचायत के लिए की गई खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी करने सहित बिना अवकाश स्वीकृत करवाए लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर रहने का आरोपी भी पाया गया है। इसका कड़ा संज्ञान लेते हुए डीसी अभिषेक जैन ने पंचायत सचिव को सोमवार को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। डीसी अभिषेक जैन ने बताया कि कोई भी वित्तीय अनियमितता व फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक उक्त पंचायत सचिव को पहले भी चार्जशीट किया जा चुका है।
