हाटकोटी मंदिर में हजारों ने माथा टेका

रोहड़ू( सुंदर औक्टा)शक्ति पीठ हाटकोटी मंदिर में अष्टमी के दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने माथा टेका। खराब मौसम और तेज बारिश के बाद भी लोगों ने घंटों लाइनों में खड़े रह कर दुर्गा माता के दर्शन किए। अष्टमी के दिन मंदिर में श्रद्धालुओं को मिश्री का विशेष प्रसाद बांटा गया। यज्ञशाला में चल रहे जाप पूर्णाहुति के बाद संपन्न हुए हैं।
मंदिर में दोपहर बाद दुर्गा माता की विशेष पूजा हुई। पूजा के बाद कई श्रद्धालुओं ने अपने व्रत तोड़कर भोजन ग्रहण किया। मंदिर में आठवें दिन ट्रक ऑपरेटर यूनियन हाटकोटी की अेार से लंगर की व्यवस्था की गई थी। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद रही। माता के भजनों से मंदिर पूरा दिन गूंजता रहा। शाम के समय आराधना पब्लिक स्कूल रोहड़ू के बच्चों व प्रबंधन की ओर से मंदिर परिसर में सफाई की गई।
मंदिर परिसर में व्यापारियों के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की। माथा टेकने के बाद लोग लंगर में भोजन ग्रहण करके घर लौटते रहे। माता के गुर ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस नवरात्र में कई लोग अपनी मन्नत पूरी होने के बाद यहां खुशी से माथा टेकने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि दूर से लोग इस मंदिर में अलग आस्था रखते हैं। दुर्गा माता के भंडारी भवानी दत्त शर्मा ने कहा कि नवमी के दिन भी पिकअप यूनियन हाटकोटी की ओर से लंगर की व्यवस्था है।
मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम रोहड़ू यशपाल सिंह वर्मा ने कहा कि मंदिर में कानून व्यवस्था के लिए नायब तहसीलदार जुब्बल को नवमी तक तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि लोग अपने सुझाव व शिकायत मंदिर में भंडारी या मदिर न्यास अध्यक्ष को लिखित में भेज सकते हैं।

Related posts