नेरचौक से दिनदहाड़े लाखों के गहने चोरी

नेरचौक (मंडी)। बल्ह घाटी के मुख्य व्यवसायी कस्बे नेरचौक में दिनदहाड़े चोराें ने एक घर में सेंधमारी कर लाखाें के गहने उड़ा लिए। शनिवार को दिन के उजाले में हुई लाखाें की इस चोरी से लोग सकते में हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चोराें ने मुकेश कुमार पुत्र सिद्धू राम के घर पर वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। चोर घर के मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी और सेफ के ताले तोड़कर 10 हजार की नकदी, सोने के 2 कंगन, सोने की दो चेनें, दो अंगुठियां, दो तिलियां, पायलें और अन्य जेवरात चुरा लिए। आभूषणों की कीमत लाखाें में बताई जा रही है। फिलहाल सही आकलन नहीं किया जा सका है।
पुलिस के मुताबिक परिवार के सभी सदस्य सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से बाहर निकल गए थे। बाद दोपहर तक घर पर कोई नहीं था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब मुकेश कुमार की पत्नी ममता शर्मा घर पहुंची तो मुख्य दरवाजा टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो कमराें में सारा सामान बिखरा पड़ा था। इस पर उसने पति मुकेश को सूचना दी। ममता शर्मा जेबीटी शिक्षिका हैं। मुकेश कुमार की शिकायत पर बल्ह पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। बल्ह पुलिस थाना के प्रभारी मदन धीमान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts