
बिलासपुर।(सोनू शर्मा)सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत दिसंबर और जनवरी माह में सफेद चने का कोटा लेने से वंचित रहे उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। इन उपभोक्ताओं को अप्रैल माह में सार्वजनिक वितरित प्रणाली के तहत सफेद चने का अतिरिक्त कोटा मिलेगा। पीडीएस के तहत इस बार उपभोक्ताओं को तेल, नमक, दालों के अलावा सफेद चने भी मिलेंगे। खाद्य आपूर्ति विभाग में सफेद चने की खेप पहुंचने के बाद डिपुओं में सफेद चने का कोटा आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रदेश के करीब 32 लाख उपभोक्ता सार्वजनिक वितरित प्रणाली का लाभ उठा रहे हैं। लेकिन कुछ उपभोक्ता दिसंबर, जनवरी माह में सफेद चने के कोटे से वंचित रह गए थे। इसके चलते इस माह इन्हें अतिरिक्त कोटे का लाभ मिलेगा। हालांकि दिसंबर माह में सफेद चने की जगह मूंग की दाल उपभोक्ताओं को आवंटित की गई। विभाग के पास मूंग दाल की अतिरिक्त मात्रा थी। इसके चलते इसे उपभोक्ताओं को आवंटित की गई। उधर, गोदामों में सफेद चने के कोटे की खेप पहुंच चुकी है। डिपो धारक इस बार अन्य वस्तुओं के साथ सफेद चने का कोटा भी लेंगे।
खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक बिलासपुर प्रताप चौहान ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस बार उपभोक्ताओं को सफेद चने का अतिरिक्त कोटा मिलेगा। इसके लिए विभाग द्वारा डिपुओं में पीडीएस के तहत सफेद चने भी पहुंचाएं जाएंगे।
बाक्स:
20 फीसदी रह गए थे वंचित
जनपद बिलासपुर में करीब एक लाख उपभोक्ता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ते राशन का लाभ उठा रहे हैं। हालांकि दिसंबर व जनवरी माह में करीब बीस फीसदी उपभोक्ता सफेद चने के कोटे से वंचित रह गए थे। उन्हें अप्रैल माह में यह कोटा मिलेगा।
