
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विकास खंड के अंतर्गत कई उपभोक्ताओं को 12 दिनों तक विद्युत बोर्ड के बिजली कट से परेशानी उठानी पड़ेगी। विद्युत बोर्ड द्वारा क्षेत्र में करीब चार दर्जन पुराने खंभे बदलने का कार्य किया जाएगा। जिस वजह से 12 दिनों तक हर रोज पावर कट लगेंगे। जिसका खामियाजा इलाके के दो हजार उपभोक्ताओं को भी भुगतना पड़ेगा। झंडूता विकास खंड के तहत 29 मार्च से नौ अप्रैल तक विद्युत बोर्ड द्वारा बिजली कट घोषित किया गया है। इससे बडोल देवी, पोली, पंजीण, ज्वाह, जमली सहित अन्य क्षेत्रों में विद्युत सप्लाई बाधित रहेगी। बोर्ड द्वारा सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक इलाके में इस कार्य के चलते बिजली सप्लाई बंद की जाएगी। इससे क्षेत्र में लाखों रुपये का कारोबार ठप रहेगा। दिन के समय निर्धारित तारीख तक उपभोक्ताओं को न ही इंटरनेट, न ही फैक्स मशीन की सेवाएं मिलेंगी। वहीं क्षेत्र में चल रहे अन्य उद्योगों का कारोबार भी ठप रहेगा। हालांकि विद्युत बोर्ड द्वारा उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है। लेकिन उपभोक्ताओं की परेशानी कम नहीं होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बोर्ड द्वारा जो समय निर्धारित किया है उस दौरान मरम्मत कार्य किया जाएगा।
विद्युत बोर्ड झंडूता के सहायक अभियंता रणजीत भाटिया ने कहा कि 29 मार्च से नौ अप्रैल तक बोर्ड द्वारा पुराने खंभों को बदलने सहित अन्य मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक विद्युत सप्लाई बाधित रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
