
चुवाड़ी (चंबा)। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले के बाद जिला चंबा में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तीसा और किहार पहले से ही आईआरबी की कड़ी निगरानी में हैं। इसके अलावा जिला के बाकी हिस्सों में आतंकियों के प्रवेश को रोकने के लिए चेक पोस्ट और बैरियरों पर हथियारबंद पुलिस कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो इसके चलते चुवाड़ी क्षेत्र की तुन्नूहट्टी चैकपोस्ट और लाहडू बैरियर को एके 47 सहित हाईटैक हथियारों से लैस कर सुरक्षा कर्मचारी हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।
इसके अलावा बसोली को खैरी से जोड़ने वाले सेवा बृज पर बनी पुलिस चैक पोस्ट, लंगेरा व अन्य चैक पोस्टों पर तैनात कर्मचारियों को आधुनिक हथियार से लैस कर दिया गया है। पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से सटे इलाके संधारा, चूहन, मेल में भी फोर्स का इजाफा किया है और आर्मी की सहायता भी ली जा रही है। तुन्नूहट्टी चैक पोस्ट छावनी में तब्दील हो चुका है। कठुआ जिला के बन्नी और बसोली का जो क्षेत्र है, वह चंबा इलाके के समीवर्ती इलाके के साथ सटा हुआ है। इस रास्ते पर भी घुसपैठ की आशंका बनी है। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियां चौकस बनी हुई हैं।
गौरतलब है कि शांत घाटियों में कुछ वर्ष पूर्व दहशतगर्दों ने जम्मू कश्मीर के क्षेत्र में आतंक फैलाने के बाद जिला के सतरूंडी क्षेत्र में प्रवेश किया था। इसके कारण पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस बार कठुआ में हुई आतंकी हमले के बाद लोकसभा चुनावों को सफल और शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसी की जिम्मेदारी बढ़ गई है। वहीं इस संबंध में डीएसपी डलहौजी संतोष चौधरी के अनुसार कठुआ में हुए आतंकी हमले के बाद जिला भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा चेक पोस्ट व बैरियरों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
