आईटी शिक्षकों की सेलरी पर संकट

चंबा (गीता)जिले के करीब 42 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के आईटी शिक्षकों की सेलरी रुक सकती है। इन स्कूलों ने अभी तक वित्तीय वर्ष 2013-14 की फीस का लेखाजोखा शिक्षा विभाग को प्रेषित नहीं किया है। ऐसे में जब तक विभाग को पूरे वर्ष की फीस की डिटेल नहीं मिल जाती तब तक संबंधित स्कूल के आईटी शिक्षकों की सेलरी रोक दी जाएगी। जिला चंबा में लगभग 72 सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं। इसमें से अभी तक मात्र 30 स्कूलों ने ही आईटी फीस का ब्योरा विभाग को प्रेषित किया है। जिन स्कूलों ने फीस संबंधी किसी प्रकार की डिटेल नहीं दी है।
शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि जिन स्कूलों ने आईटी फीस का वर्ष भर का ब्योरा प्रेषित नहीं किया है, उनके पास एक्सल शीट ही एकमात्र विकल्प है। इस एक्सल शीट के माध्यम से संबंधित स्कूलों के आईटी शिक्षक दो दिन के भीतर अप्रैल 2013 से लेकर 31 मार्च तक का ब्योरा शिक्षा विभाग को प्रेषित करें। इसके लिए सभी स्कूलों को ई-मेल भेज दी गई है। 31 मार्च तक फीस की डिटेल न मिलने से अगर उनकी सेलरी रुकती है तो इसके लिए शिक्षा विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। इस खामी के चलते आईटी शिक्षक सेलरी रुकने पर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय से संपर्क भी नहीं कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें निदेशालय जाकर समस्या का समाधान करना होगा।
वहीं उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने समस्त सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रिंसिपलों व आईटी शिक्षकों को दो दिन के भीतर आईटी फीस का लेखाजोखा देने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

Related posts