
सिहुंता (चंबा)। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने कहा कि नया सत्र शुरू होते ही सभी विद्यालय स्वीप के तहत नव मतदाताओं व अन्य मतदाताओं को वोट डालने के लिए तथा शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक करेंगे।
वे शिक्षा खंड सिहुंता के अंतर्गत आने वाले सभी हाई स्कूल व सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुखियाओं की सिहुंता में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को स्वीप के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्हाेंने कहा कि सभी विद्यार्थी स्वीप संबंधी कार्यकलापों में भाग लेते हुए शत प्रतिशत मतदान का संदेश अलग-अलग गतिविधियों करके सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा स्कूल में स्वीप संबंधी कार्यकलाप विद्यालय में संपन्न हों उसकी रिपोर्ट शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में प्रेषित करें। प्रार्थना सभा में भी बच्चों को जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने विशेष तौर पर आरएमएसए व एसएसए के खंड परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि ब्लॉक में स्वीप संबंधी गतिविधियों को सुचारु रूप से चलाने में अपनी भागीदारी निश्चित करें। खंड परियोजना अधिकारी और सिहुंता स्कूल के प्रधानाचार्य चमन ठाकुर ने ब्लॉक के सभी स्कूल मुखियाओं से स्वीप कार्यक्रम को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग देने की अपील की है।
