
जुब्बल(पवन)सरस्वती पुलिस चौकी में तैनात जवान के साथ ड्यूटी के दौरान हाथापाई का मामला
सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले बीच सड़क से वाहन हटाने को इनकार किया, बाद में बाहर उतर कर पुलिस कर्मी की वर्दी फाड़ डाली। पुलिस कर्मी का आरोप है कि आरोपी हाथापाई के दौरान नशे में था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नकराड़ी गांव निवासी गोवर्धन ढालटा मंगलवार शाम करीब चार बजे बीच सड़क पर कार रोक कर खड़ा था। पुलिस के जवान ने जब उससे वाहन हटाने के लिए कहा तो वह उलझने लगा। पुलिस जवान ने उससे बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने वाहन से उतर कर पुलिस के
जवान के साथ पहले हाथापाई की उसके बाद वर्दी फाड़ डाली। सामने खडे़ लोगों ने बीच बचाव किया। पुलिस ने आरोपी गोवर्धन ढालटा के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। डीएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल करवाया गया है। बुधवार को आरोपी को चौपाल न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है।
