
भरमौर (चंबा)। लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए उपमंडल भरमौर के लाइसेंस बंदूक धारकों को बंदूकें जमा करवाने के लिए आदेश जारी किए गए हैं। लोगों को तीन दिन के भीतर अपनी बंदूकें पुलिस थाना भरमौर में जमा करवाने को कहा गया है। इसके अलावा बाहरी राज्यों से ठेकेदारों की लेबर में काम करने वाले मजदूर जिन्होंने अपना पंजीकरण नहीं करवा रखा है वे भी तीन दिन के भीतर थाने में अपना पंजीकरण करवाएं। जिन लोगों एवं होटल व्यवसायियों ने कामगारों को रखा हुआ है, वे भी तुरंत कामगारों का पंजीकरण करवाएं। थाना प्रभारी भरमौर रजिंद्र कुमार ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर यह आदेश दिए हैं। इससे क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे और चुनावों का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से हो सके।
