
तीसा (चंबा)। चंबा-तीसा मुख्य मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन होने से मार्ग बंद हुआ है। इससे लगभग 32 पंचायतों के वाशिंदों को आवाजाही में काफी परेशानी पेश आ रही है। सोमवार रात को भारी बारिश के कारण मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल नाला के पास भारी भूस्खलन हो गया है। इसके अलावा पंगोला नाला व शरेला के पास भी भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया है। इससे यह मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। नतीजतन यहां पर निगम की कु छ बसें फंसी हुई है। इसके अलावा जिला मुख्यालय से तीसा की ओर जाने वाली बसें तीसा नहीं पहुंच पाई। यही नहीं रोजमर्रा का सामान भी देर शाम तक तीसा नहीं पहुंच पाया था।
स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार, कुल प्रकाश, वीरेंद्र सिंह, जोगिंद्र कुमार, प्यार चंद, राहुल, सुनील कुमार, संजय, नरेश व हॉकम ने बताया कि मार्ग अवरुद्ध होने के कारण लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतें पेश आई। विशेषकर स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी पेश आई। इसके साथ ही जिला मुख्यालय में कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे ग्रामीण समय पर कोर्ट नहीं पहुंच पाए। मरीजों को भी अस्पताल पहुंचने में भारी दिक्कतें पेश आई। हालांकि वाहनों की अदला बदली कर लोग अपने गंतव्य तक पहुंच गए लेकिन इसके लिए उन्हें निजी वाहनों में भारी भरकम किराया अदा करना पड़ा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से इस मार्ग को जल्द यातायात के लिए बहाल करने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कुमुद उपाध्याय ने बताया कि विभाग की मशीनरी सड़क से मलबा हटाने के लिए लगाई गई है। इसके अलावा कर्मचारी भी काम में लगे हैं जल्द सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
