मयाड़ और तिनन घाटी के कई गांवों में बिजली गुल

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। घाटी में पिछले दो दिन से बर्फबारी का दौर जारी है। रोहतांग के समीप सटे कोकसर गांव में करीब चार फुट हिमपात हुआ है। इसके अलावा रोहतांग दर्रे में आठ फुट हिमपात होने का अनुमान है। लाहौल घाटी में दो दिन से हो रही हिमपात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घाटी के तमाम मार्ग यातायात के लिए ठप पड़ गया है। वहीं कई हिस्सों में बिजली गुल है।
जिला मुख्यालय केलांग और उपमंडल उदयपुर में दो फुट हिमपात दर्ज किया गया है। कोकसर में चार फुट ताजा हिमपात के साथ रोहतांग मेें आठ फुट बर्फबारी होने का अनुमान है। ताजा बर्फ बारी से सीमा सड़क संगठन के अभियान के बर्फ हटाओ अभियान को झटका लगा है। बीआरओ ने घाटी के मुख्य मार्गों से बर्फ हटाकर यातायात के लिए बहाल कर दिया था। दो तीन दिनों के भीतर रोहतांग के पास लाहौल घाटी का प्रवेश द्वार गांव कोकसर भी छूने वाले थे। सप्ताह के भीतर लाहौल घाटी के जम्मू मार्ग से जोड़ने का बीआरओ ने लक्ष्य रखा था। अब बीआरओ को पुन: सड़कों से बर्फ हटानेे को लेकर अभियान छेड़ना पड़ेगा। बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति के सभी संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। ताजा हिमपात से बिजली बोर्ड के तारों को भारी क्षति पहुंची है। मयाड़ घाटी और तिनन के कई गांवों में बत्ती गुल हो गई है।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति बीर सिंह ठाकुर ने घाटी वासियों को ऐसे मौसम के बीच घरों से दूर न जाने की हिदायत दी है। डीसी ने बताया कि किसी भी आपदा के समय में जिला आपदा प्रबंधन केलांग के दूरभाष नंबर 01900 – 1077 या 01900-222115 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related posts