
बरोट (मंडी)। चौहारघाटी की बरोट पंचायत के कठयालू गांव में सोमवार दोपहर को आसमानी बिजली गिरने से घर में खाना खा रहा एक बच्चा अचेत हो गया। इसे उपचार के लिए पीएचसी बरोट लाया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर ढाई बजे आसमानी बिजली गिरने से दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा देकर घर पहुंचा कुशाग्र भारद्वाज पुत्र तेजमल खाना खा रहा था। ऐसे में घर के पास करीब एक हजार गज की दूरी पर एक बड़े पत्थर पर आसमानी बिजली गिरी। बिजली गिरने के जोरदार धमाके से कुशाग्र अचेत हो गया। इसे परिजनों ने पीठ पर उठाकर तीन किलोमीटर दूर पीएचसी बरोट पहुंचाया। कुशाग्र की माता आशा देवी और चाचा कालीदास ने बताया कि कुशाग्र दसवीं कक्षा की परीक्षा देकर घर लौटा कर खाना खा रहा था। चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर होश आने पर घर भेज दिया। बरोट पीएचसी प्रभारी डा अंकुश ने बताया कि आसमानी बिजली गिरने से पैदा हुई जोरदार आवाज से बच्चा घबराकर अचेत हो गया था।
