छात्रों से न हो तोड़फोड़ की भरपाई

चंबा(गीता)स्थानीय कॉलेज में एसएफआई की एक बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुदेश राजपूत ने की। उन्होंने कहा कि हाल में सीएससीए के समारोह में दरबार हाल में तोड़फोड़ हुई है। इससे डेस्कों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन व एससीए ने कॉलेज स्टाफ से 100 रुपये व छात्राें से 30-30 रुपये लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि दरबार हाल में तोड़फोड़ प्रशासन की लापरवाही व एससीए की नाकामी के कारण हुई है। एससीए समारोह से तीन दिन पहले वार्षिक समारोह हुआ था, उसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एनसीसी कै डेट्स की तैनाती की गई थी। इसके चलते किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया है कि एससीए समारोह में ऐसा प्रावधान क्यों नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन व एससीए के फैसले का विरोध किया है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि इस फैसले को वापिस लिया जाए। ऐसा न होने पर एसएफआई प्रदेश स्तर पर आंदोलन छेड़ देगी। उन्होंने कहा कि वे छात्र जो उस दिन कार्यक्रम में उपस्थित ही नहीं थे वे फंड क्यों देंगे। साथ ही कहा कि कुछ छात्र परीक्षाओं के चलते भी समारोह में शामिल नहीं हुए थे। ऐसे में उनसे वसूली करना गलत है। इस दौरान एसएफआई के जिला उपाध्यक्ष गौरव, संजीव, राजीव, संजू, नेम राज, विनोद, प्रिया, राज ठाकुर, प्रियंका, कंगना राजपूत व राकेश मौजूद रहे।

Related posts