
मारंडा (कांगड़ा)। मारंडा बाजार में एक युवक को लड़की को तंग करना मंहगा पड़ा है। युवक बाजार के बस स्टैंड पर लड़की से मारपीट करने लगा था। इस पर स्थानीय लोगों ने उसको पकड़ लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार कालेज में पड़ रही युवती को एक युवक कई दिनों से तंग करता था। सोमवार सुबह जब लड़की कालेज जा रही थी तो वह युवक उसे बाजार के पीछे फिर से तंग करने लगा था। इस पर तैश में आई युवती ने युवक को थप्पड़ रसीद कर दिए और वह वहां से चली आई। लेकिन, जब लड़की मारंडा के बस स्टैंड पर पहुंची तो युवक पीछे से आया और लड़की से मारपीट करने लगा। यह देख स्थानीय बाजारियों ने युवक की अच्छी-खासी मरम्मत कर दी और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस युवक को थाना पालमपुर ले गई। उधर, थाना प्रभारी गुरवचन सिंह ने कहा कि पुलिस लड़के को थाने लाई थी। पुलिस ने धारा 114-115 के तहत कार्रवाई की। युवक को दो हजार रुपये जुर्माना कर जमानत पर छोड़ दिया गया है।
