
रामपुर बुशहर (संदीप वर्मा) ननखड़ी की लंबीधार (शोड़ी) में पति और पत्नी की मौत का मामला लगभग सुलझ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया है कि प्रेम लाल के सिर पर हुए जोरदार प्रहार से उसकी मौत हुई है, जबकि बाद में पत्नी ने फंदा लगा कर अपनी जान दी है। इससे साफ हो गया है कि दोनों में किसी बात को लेकर हुए झगड़े के कारण ही यह घटना घटी है। हालांकि अभी पुलिस अन्य पहलुओं पर गौर कर मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की पुष्टि थाना प्रभारी रामपुर मंगत राम ने की है।
28 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबीधार जंगल में पेड़ से एक महिला का शव लटका हुआ है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर देखा तो उक्त महिला अमिता उर्फ अनिता के पति का शव कमरे में था। जहां पुलिस को एक लोहे की रॉड भी मिली। हालांकि पहले से ही तय था कि इस मामले में पत्नी ने पति को मारने के बाद फंदा लगा कर अपनी जान दे दी है। क्योंकि दोनों में लंबे समय से किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। लेकिन पुलिस फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब साफ हो गया है। हालांकि पुलिस अभी भी मामले की छानबीन कर रही है कि इस मामले में किसी और का हाथ तो नहीं है।
थाना प्रभारी रामपुर मंगत राम ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें पाया गया है कि प्रेम लाल की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है। जबकि महिला की मौत फंदे पर झूलने से हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस अभी जांच कर रही है कि मामले में किसी और व्यक्ति का हाथ तो नहीं है।
