
पांगणा (मंडी)। करसोग उपमंडल के अंतर्गत बही सरही पंचायत के भयाणा गांव की एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर अगवा करने का मामला सामने आया है। पांगणा चौकी पुलिस ने नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर अगवा करने का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बही सरही पंचायत के भयाणा गांव से दो दिन से एक नाबालिग घर से लापता है। नाबालिग का जब कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पांगणा पुलिस चौकी में केस दर्ज करवाया। नाबालिग की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि गत सात मार्च की शाम से उसकी बेटी घर से लापता हो गई। सभी नाते रिश्तेदारों के यहां संपर्क करने पर लड़की का कोई पता नहीं लगा। परिजनों ने करसोग उपमंडल के कलाशन गांव के एक युवक पर नाबालिग को शादी का झांसा देकर अगवा करने का आरोप लगाया है। लड़की के परिजनों की शिकायत के आधार पर पांगणा चौकी पुलिस ने आईपीसी की धारा 363, 366ए के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने कहा कि नाबालिग को अगवा करने का केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
