कोरियन कंपनी में 71 को मिली नौकरी

धर्मशाला(आत्मा राम)औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर में कोरियन कंपनी एलेनटक की ओर से आयोजित कैंपस इंटरव्यू में प्रदेश के 71 युवाओं को रोजगार मिला है। कैंपस इंटरव्यू में चयनित युवा कंपनी के ग्रेटर नोएडा प्लांट में 25 मार्च और 7 अगस्त को ज्वाइनिंग देंगे। आईटीआई शाहपुर में शनिवार देर शाम तक चले कैंपस इंटरव्यू में प्रदेश भर के सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया।
इसमें पर्सनल साक्षात्कार के लिए केवल 150 युवाओं ने भाग लिया। पर्सनल इंटरव्यू के बाद कंपनी द्वारा 71 युवाओं को चयनित किया गया। कंपनी के असिस्टेंट जनरल मैनेजर एचआर विभाग सरवेश कुमार ने बताया कि ज्वाइनिंग के समय चयनित युवाओं को समस्त प्रमाण-पत्र, मेडिकल प्रमाण पत्र व आठ पासपोर्ट फोटो लाने होंगे। युवाओं को 12 घंटे की ड्यूटी देनी होगी। इसकी एवज में उन्हें 6618 रुपये मासिक और चार घंटे का डबल ओवरटाइम मिलेगा। इसके अलावा मेडिकल, परिवहन दुर्घटना का दो लाख का बीमा और 700 रुपये अटेंडेंस रिवार्ड भी मिलेगा। आईटीआई के प्रधानाचार्य एसके लखनपाल ने बताया कि कोरियन कंपनी में 71 युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को संस्थान में एबोट हेल्थकेयर कपंनी द्वारा कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। इसमें बारहवीं पास 18 से 25 साल के प्रशिक्षित और अप्रशिक्षित युवा भाग ले सकते हैं।

Related posts