शिवबाड़ी में आज से सरकारी स्टाफ

अंब (ऊना)। विख्यात प्राचीन द्रोण शिव मंदिर शिवबाड़ी में सोमवार 10 मार्च को प्रशासन की ओर से अपना स्टाफ नियुक्त किया जाएगा। अब मंदिर में चढ़ने वाले चढ़ावे पर सरकार का हक होगा। एसडीएम अशोक चौहान ने पुष्टि की। कहा कि जिला उपायुक्त ने मंदिर में स्टाफ आदि की तैनाती के निर्देश जारी कर दिए हैं। सप्ताह भर पहले एसडीएम अशोक चौहान, तहसीलदार मनोज ठाकुर ने पुलिस बल के साथ शिव बाड़ी मंदिर को कब्जे में लिया था। मंदिर तथा सराय के कई कमरों में सरकारी ताले जड़ दिए थे। मुख्य मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खुला रखा गया था। प्रशासन ने मंदिर की चल तथा अचल संपत्ति की भी पूरी लिस्ट बना रखी है। सोमवार को शिव बाड़ी जाकर लिस्ट को चल व अचल संपत्ति से मिलान किया जाएगा। मंदिर में सुबह सरकारी स्टाफ की तैनाती के साथ-साथ वहां चढ़ने वाले सारे चढ़ावे को सरकार अपने कब्जे में लेकर इसे सरकारी खजाने में जमा करेगी। मंदिर के अधिग्रहण की अधिसूचना बीते 26 फरवरी को प्रधान सचिव भाषा एवं संस्कृति विभाग शिमला की ओर से जारी की गई थी। उसी दिन शाम के समय उपायुक्त ऊना को अधिसूचना की प्रति फैक्स के जरिए प्राप्त हो गई थी। इस विख्यात मंदिर में हिमाचल के विभिन्न हिस्सों, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत अन्य राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। शिवरात्रि और सावन माह में यहां भक्तों की भारी भीड़ रहती है। सावन माह में ही करीब तीस लाख श्रद्धालु यहां माथा टेकते हैं। करीब पांच हजार वर्ष पुराने इस पांडव कालीन मंदिर की अपनी अलग पहचान है।

Related posts