पर्चियां और पैसे लेकर जनाब चंपत!

नालागढ़ (सोलन)। सिलेंडर की पर्चियां और पैसे देकर उपभोक्ता गैस सिलेंडर आने का इंतजार करते रहे, लेकिन सिलेंडर लाने के बजाय होम डिलेवरी करने वाला कर्मी चंपत हो गया। शनिवार को दोपहर बाद जब वह नालागढ़ से वह पंजाब जाने की फिराक में था, तो लोगों ने उसे पकड़ा लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नालागढ़ में रेहड़ी से घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले व्यक्ति पर धोखाधड़ी का आरोप है। आरोप है कि वह पैसे लेने के बाद रफूचक्कर हो गया। रवि कुमार उर्फ रिंकू पुत्र विमल कुमार निवासी गांव नवांशहर, पंजाब नालागढ़ में रेहड़ी से एजेंसे से घर तक सिलेंडर की सप्लाई का काम करता है। उसने शहर के 15 लोगों से गैस की पर्ची और करीब 16000 रुपयेे ले लिए। इसके बाद उसे उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराना था, लेकिन वह गायब हो गया। इस बारे में लोगों ने पुलिस को सूचना भी दी। शनिवार को वह नालागढ़ जब दोबारा पहुंचा तो लोगों ने उसे देख लिया। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। डीएसपी नालागढ़ निश्चिंत नेगी ने कहा कि पुलिस ने रवि कुमार के खिलाफ भादसं 406 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Related posts