
नाहन (सिरमौर)(दीप राम)जिला सिरमौर के सभी टोल टेक्स बैरियरों को शनिवार को तीन साल के लिए नीलाम कर दिया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में चालू वित्त वर्ष में सरकार को 11 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त हुआ।
उपायुक्त विकास लाबरू की अध्यक्षता में यहां नगर परिषद नाहन के सभागार में जिला के चार टोल टेक्स बैरियर की नीलामी आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा 14 करोड़ 15 लाख 21 हजार 120 रुपये में एक वर्ष के लिए की गई। वर्ष 2015 एवं 2016 में 10-10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ यह टोल बैरियर इन्हीं फर्म को आवंटित होंगे।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि सिरमौर जिला के चार बहुउद्देशीय पड़ताल नाका कालाअंब, गोविंदघाट (पांवटा), बहराल और मीनस बैरियर की नीलामी आगामी तीन वर्ष 2014 से 2017 तक की गई है। जबकि गत वर्ष इन चार टोल-बैरियरों की नीलामी से 12 करोड़ 74 लाख 75 हजार का राजस्व प्राप्त हुआ था।
उन्हाेंने बताया कि कालाअंब बैरियर की नीलामी में 6 करोड़ 32 लाख, गोविंदघाट बैरियर की नीलामी 3 करोड़ 87 लाख में की गई। इन दोनों बैरियर की नीलामी में बोलीदाता डीसी राणा की निविदा सर्वाधिक दर्ज की गई जिससे उन्हें यह आवंटित कर दिए गए।
इसके अतिरिक्त बहराल बैरियर की नीलामी 3 करोड़ 78 लाख में हुई जिसमें सर्वाधिक निविदा कुमार एंड कंपनी की खुली। इसी प्रकार मीनस बैरियर की नीलामी 18,21,150 में छूटी। यह बैरियर खुशीराम नोटियाल के नाम आवंटित किया गया। अतिरिक्त आयुक्त आबकारी एवं कराधान डीसी नेगी ने बताया कि इन टोल बैरियरों के माध्यम से मिलने वाले राजस्व में प्रतिवर्ष दस प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त मनमोहन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर, सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त आरडी जनार्था, ईटीओ अजय राठौर, ईटीओ पांवटा साहिब टेकचंद एवं अश्वनी शर्मा, एटीओ प्रताप सिंह तथा टाल-बैरियर इंचार्ज मुकुल अत्री, सदर थाना प्रभारी लायकराम सिसोदिया के अलावा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
