
बिलासपुर। बेटियां फाउंडेशन और रेनबो स्टार क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ स्थानीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कई स्पर्धाएं कराई गईं, जिनमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बेटियां फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. ज्योत्सना जैन ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
डा. ज्योत्सना जैन ने कहा कि बेटियां फाउंडेशन संस्था देश भर में गांव स्तर तक कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है। संस्था का मुख्य उद्देश्य नारी सशक्तिकरण के मद्देनजर महिलाआें को जागरूक करना तथा उनमें अन्याय के खिलाफ लड़ने की हिम्मत और आत्मविश्वास पैदा करना है। इससे वे शोषण के खिलाफ जोरदार ढंग से आवाज बुलंद कर सकेंगी। इस दौरान भाषण और चित्रकला स्पर्धाआें का आयोजन भी किया गया। भाषण में आर्यन स्कूल की विशाखा शर्मा, बरमाणा स्कूल की प्रतीक्षा शर्मा और आर्यन स्कूल की विशाखा, जबकि चित्रकला में बिलासपुर कालेज की दीपिका, जवाहर नवोदय कोठीपुरा की वाणी और एसवीएम निहाल की भव्या ने क्रमबद्ध रूप से पहले तीन स्थान हासिल किए।
कार्यक्रम के दौरान डीएवी स्कूल के बच्चों ने हिमाचल के प्रसिद्ध कलाकार संजय हंस और मनजीत मन्ना के संयुक्त निर्देशन में तैयार एकांकी ‘कोख से कब्र तक’ की प्रस्तुति भी दी। इस भावपूर्ण प्रस्तुति से सभागार में मौजूद दर्शकों की आंखें नम हो गईं। मुख्य अतिथि डा. ज्योत्सना जैन ने एकांकी प्रस्तुत करने वाले बच्चाें को 1100 रुपये का इनाम दिया। इससे पहले मेजबान कन्या पाठशाला की प्रधानाचार्य महिमा लखनपाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर रेनबो स्टार क्लब के अध्यक्ष इशान अख्तर, बेटियां फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष सीमा तथा सुनंदा सूद, वंदना पटियाल, भावना चोपड़ा, नरोत्तम दत्त और शुभम कुमार आदि उपस्थित रहे।
