पार्किंग दें निजी स्कूल

शिमला(वी डी शर्मा)राजधानी के सभी निजी स्कूलों को अब अभिभावकों को पार्किंग मुहैया करानी होगी। पुलिस विभाग ने स्कूल लगने और छूटने के समय ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए योजना बनाई है। पुलिस विभाग ने सभी थानों और बीट इंचार्ज को सूचित कर दिया है कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले स्कूलों को पत्र लिखकर पार्किंग मुहैया कराने को कहें। इसके बाद डीएसपी सभी स्कूल प्रशासनों के साथ खुद बैठक करेंगे।
राजधानी के स्कूलों में सोमवार से नया सत्र शुरू हो रहा है। स्कूल और ऑफिस टाइम में ट्रैफिक बढ़ने वाला है। हर दिन जाम से जूझने के दिन आ गए हैं। लिहाजा, इस बार पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी है। पुलिस ने स्कूलों को अभिभावकों के वाहनों और स्कूली टैक्सियों को उनके परिसर में पार्क करवाने की व्यवस्था कराने की योजना बनाई है ताकि ट्रैफिक जाम न लगे। सुबह 9 से 10 और दोपहर बाद 2 से 5 पांच बजे तक शहर की सड़कों पर 170 जवान ट्रैफिक ड्यूटी देंगे। वे नियम तोड़ने वालों के खिलाफ शिकंजा कसेंगे। गलत जगह गाड़ी पार्क करने वालों, टैक्सियों में ओवरलोडिंग, बसों में ओवरलोडिंग, ओवर स्पीड वाहनों के मौके पर ही चालान करेगी। बार-बार नियम तोड़ने वालों की गाड़ी तक जब्त करेगी। ट्रैफिक पुलिस ने सभी थानों को स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्थान चिह्नित कर सुबह और दोपहर बाद पुलिस कर्मी तैनात करने के निर्देश जारी किए हैं।
—-
ताराहाल ने की पार्किंग की व्यवस्था
राजधानी में सिर्फ सेक्रेड हार्ट ताराहाल स्कूल ने फिलहाल स्कूल परिसर मैदान में बच्चों को ले जाने वाले वाहनों को पार्क करवाने की व्यवस्था की है। इससे यहां जाम की समस्या कम होती है। स्कूल में एचआरटीसी की बसें परिसर तक छात्राओं को छोड़ती हैं।
————-
यहां होती है जाम की समस्या
सेंट एडवर्ड, ऑकलैंड हाउस, चैप्सली, चैल्सी, डीएवी न्यू शिमला, संजौली के स्कूलों के बाहर सुबह जाम की समस्या होती है। स्कूल लगने और छूटने के समय यहां गाड़ियों का जमावड़ा लगता है। अभिभावक अपने वाहन लेकर आते हैं, तो उन्हें गाड़ी पार्क करने और मोड़ने को जगह नहीं मिल पाती। इसके अलावा विक्ट्री टनल से लिफ्ट तक जगह-जगह जाम की समस्या होती है।
————–
बख्शे नहीं जाएंगे नियम तोड़ने वाले
डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने कहा कि स्कूल व ऑफिस के समय पेश आने वाली समस्या कम करने के लिए कार्य योजना बनाई गई है। इस समय में किसी भी तरह से नियम तोड़ने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। पुलिस जवान समस्या वाले स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात किए जाएंगे। ओवरलोडिंग और गलत पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts