
संधोल (मंडी)। यूपीए सरकार ने चुनाव से ठीक पहले हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत संधोल और सलोह (ऊना) में दो केंद्रीय विद्यालय खोलने की अधिसूचना जारी की थी। संधोल में खुलने वाले इस सेंट्रल स्कूल को लोस चुनाव के चलते कांग्रेस और भाजपा में श्रेय लेने की होड़ लगी है। धर्मपुर मंडल भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा और धूमल के पूर्व ओएसडी रहे संजीव कटवाल ने बताया कि प्रेम कुमार धूमल ने मुख्यमंत्री रहते हुए 30 जून 2012 को संधोल स्कूल में हुई जनसभा में पहली बार इसकी घोषणा की थी। इसके बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया। धूमल ने संधोल को सेंट्रल स्कूल, तहसील और आईटीआई देने का ऐलान किया था। अब सेंट्रल स्कूल की अधिसूचना के साथ तीनों घोषणाएं पूरी हो गईं। मंडल भाजपा के नेता शक्तिचंद चमयाल, मंडल महामंत्री राजमल भनवाल, प्रधान ग्राम पंचायत गवला के प्रधान, कोठुवां पंचायत के उपप्रधान रमेश कुमार ने बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासाें से केंद्रीय विद्यालय खोला जा सका है। दूसरी ओर कांग्रेस ने इसका श्रेय यूपीए सरकार को दिया है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल संधोल एसएमसी के प्रधान पवन कुमार, मंडल कांग्रेस कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष चंद्रपाल कटवाल, धलारा पंचायत के पूर्व प्रधान करतार सिंह ने संधोल को यह सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और धर्मपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे चंद्रशेखर का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से केंद्रीय विद्यालय संधोल को मिला है।
