
पधर (मंडी)। उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र चौहारघाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थलटूखोड़ में बोर्ड की परीक्षा के दौरान नकल पर शिकंजा कसने पर कुछ शरारती तत्वों ने परीक्षा संचालन के लिए आए अधीक्षक और प्रधानाचार्य पर रात के अंधेरे में हमला बोल दिया। घटना शुक्रवार रात को उस समय घटी जब दस जमा दो कक्षा की राजनीतिक शास्त्र की परीक्षा होने के बाद जोगिंद्रनगर की पाठशाला से परीक्षा ड्यूटी पर आए अधीक्षक और प्रधानाचार्य वन विश्राम गृह थलटूखोड़ में ठहरे थे।
रात करीब सवा सात बजे कुछ शरारती युवकों ने बिजली की सप्लाई को बंद करके रेस्ट हाउस पर पथराव शुरू कर दिया। इस तरह की घटना को अज्ञात शरारती तत्वों ने दो तीन बार अंजाम दिया। ऐसे में अधीक्षक कर्म सिंह ने पुलिस थाना पधर और एसडीएम को सूचना दी। बोर्ड के सचिव को भी मामले के बारे में दूरभाष पर सूचित किया। मामला बिगड़ता देखकर प्रधानाचार्य और पास में किराये पर रह रहे अन्य स्कूल स्टाफ ने सुरक्षा की दृष्टि से अधिकारी का स्थानीय लोगों के घर में ठहराने का प्रबंध किया। अधिकारी का कहना है कि राजनीतिक शास्त्र की परीक्षा के दौरान उन्होंने नकल के खिलाफ तलाशी अभियान छेड़ा तो दो तीन परीक्षार्थियों ने उन्हें आंखें दिखाई थीं। उन्हीं युवकों में से किसी ने इस घटना को अंजाम दिया हो। थाना प्रभारी भीम सेन ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है
जांच के दे दिए हैं आदेश
उपमंडल के थल्टूखोड़ सीसे स्कूल के अधीक्षक और प्रधानाचार्य पर रात को अज्ञात लोगों ने पत्थर से हमला किया है। थाना प्रभारी पधर को मामले के जांच आदेश दिए हैं। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
….विनय मोदी एसडीएम पधर।
एसडीएम को दिए हैं आदेश
परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध करने के आदेश सभी उपमंडल अधिकारियों को दिए हैं। मंडी जिले की रावमापा थलटूखोड़ में घटित मामला ध्यानार्थ में लाया है। मामले को लेकर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
…बलवीर ठाकुर, सचिव प्रदेश शिक्षा बोर्ड।
