सरकारी गेहूं सड़क पर फेंक भागा चालक

नूरपुर (कांगड़ा)। थाना क्षेत्र नूरपुर के अंतर्गत हटली जंबाला में पुलिस ने शुक्रवार को रास्ते में लावारिस पड़ी सरकारी गेहूं की 10 बोरियां बरामद कीं। नूरपुर पुलिस ने गेहूं के बैग को जब्त कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पुलिस को हटली जंबाला के एक पूर्व प्रधान ने फोन पर सूचित किया कि एक गाड़ी का चालक सरकारी गेहूं की 10 बोरियां हटली जंबाला के पास फेंक गया है। दरअसल, शिकायतकर्ता ने गाड़ी के चालक को रोककर पूछा कि ये बोरियां किसकी हैं और वह इन्हें कहां लेकर जा रहा है। इस पर गाड़ी के चालक ने बताया कि ये गेहूं की बोरियां इलाके के किसी डिपो होल्डर की हैं और उसने गाड़ी किराये पर ली है। इसी बीच शिकायतकर्ता के सवालों से घबराकर चालक किसी परेशानी में फंसने के डर से गेहूं की बोरियां गाड़ी से उताकर वहां फेंककर चला गया। इसकी सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए और सरकारी गेहूं की बोरियों को अपने कब्जे में ले लिया। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि सरकारी गेहूं की बोरियां किस डिपो की है और इसे आगे कहां ले जाया जा रहा है या फिर डिपो होल्डर ने इन बोरियों को आगे ब्लैक में किसी अन्य को बेचा था। डीएसपी नूरपुर मनोज जोशी ने बताया कि पुलिस ने गेहूं की बोरियों को जब्त कर भादंसं की धारा 408 व 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts