
चंबा। जाली नोट मिलने पर उसकी शिकायत पुलिस में बेखौफ कर सकते हैं। यह जानकारी देने पर पुलिस उक्त व्यक्ति को न ही तंग करेंगी और न ही उसकी पहचान सार्वजनिक की जाएगी। पुलिस जिस क्षेत्र से नोट बरामद हुए हैं, वहां अपना नेटवर्क बढ़ाएगी। सबूत इकट्ठे कर जाली नोट गिरोह तक पहुंचने का प्रयास करेगी। जिला पुलिस अधीक्षक बृज मोहन शर्मा ने बताया कि जाली नोट मिलने पर लोग कानूनी पचड़े से बचने के लिए पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाने से डरते थे।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि जाली नोट मिलने पर पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि दुकानों या एटीएम से जाली नोट मिलने पर पुलिस संबंधित मामले की छानबीन करेंगी। सूचना देने वाले व्यक्ति को किसी भी तरह से परेशान नहीं किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि ऐसा होने पर जाली नोट के कारोबार पर पुलिस अंकुश लगाने में सफल हो सकती है। नकली नोट मिलने पर प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को भी घाटा उठाना पड़ता है। नकली नोट मिलने के बाद उसे न तो बैंक लेता है और न ही देने वाला व्यक्ति। इस वजह से लोग 500 के नोट लेने से भी कतरा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जिला में जाली नोट गिरोह तक पहुंचने के लिए अपना नेटवर्क सिस्टम भी बढ़ाया है। पुलिस नेटवर्क के माध्यम से भी नकली नोट गिरोह तक पूरी नजर रख रही है। उन्हाेंने बताया कि जाली नोट मिलने की शिकायत करने वाले व्यक्ति पर किसी भी तरह का मामला दर्ज नहीं होगा। एसपी ने बताया कि बैंक अधिकारियों के साथ भी इस मामले को लेकर बैठक हो चुकी है।
