सड़कों की हालत में सुधार प्राथमिकता

सांगला (किन्नौर)(विशेश्वर नेगी)उपायुक्त किन्नौर डीडी शर्मा ने कहा कि जिला में प्राकृतिक आपदाआें से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। जिला की 65 पंचायतों में आपदा प्रबंधन कमेटियों का गठन किया जाएगा। वहीं, किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए हर पंचायत को बचाव उपकरण बांटे जाएंगे। उन्होेंने कहा कि किन्नौर में सड़कों की हालत भी ठीक नहीं है। सड़कों को प्राथमिकता के साथ ठीक करवाया जाएगा। ये बातें उपायुक्त ने अमर उजाला से बातचीत में कहीं।
एनएच, लोक निर्माण विभाग और सीमा सड़क संगठन को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी विभाग ने आदेशों का पालन नहीं किया तो 133 के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 और जिले के कड़छम, सांगला, वांगतू और काफनू सहित जिले की कई अन्य ग्रामीण सड़कों की हालत लगातार प्राकृतिक आपदाओं के चपेट में आने से बदतर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला में पर्यटन कारोबार की पर्याप्त संभावना है, लेकिन देखा गया है कि सड़कों की खस्ता हालत और मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते सैलानियों की संख्या में कमी आई है। सैलानी भारी संख्या में किन्नौर पहुंचें, इसके लिए विशेष रूपरेखा तैयार की जाएगी, ताकि जिले के लोग आर्थिक रूप से और मजबूत हो सकें। वहीं सीमा में तैनात जवानों के साथ मिलकर भी एक बैठक की जाएगी।

Related posts