
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। सूर्यकांता हाइड्रो परियोजना ने कांदरी गांव के विकास के लिए 56 लाख की राशि दी है। वहीं, गांव के 8 लोगों को परियोजना में 40 वर्ष का रोजगार मिलेगी। रामपुर बुशहर के पंद्रह बीस क्षेत्र में निर्माणाधीन 10 मेगावाट की सूर्यकांता हाइड्रो परियोजना के प्रबंधकों पर इस परियोजना की मेन टनल में गैंडरी न बनाने के बजाय एमएस पाइप डलवाने पर कांदरी गांव के लोगों ने कोर्ट में केस किया था। इस केस में ग्रामीणों और परियोजना प्रबंधकों के बीच कोर्ट के बाहर समझौता हो गया है। इसके तहत कंपनी और ग्रामीणों के बीच विकास के लिए 56 लाख रुपये और 8 परिवारों को 40 साल का रोजगार देने की बात हुई है। कांदरी गांव में हुई इस बैठक में फांचा के उपप्रधान हर्षवर्धन सुनेल, विकास समिति के प्रधान सुभाष नेगी, युवक मंडल के प्रधान अशोक मेहता, सुरेंद्र सुनेल महिला मंडल की प्रधान रोहिणी मेहता और सुशीला सुनेल और कंपनी के मुख्य एके रघु के बीच हुई बैठक में यह समझौता हुआ। इसकी पुष्टि कंपनी के एके रघु और फ ांचा पंचायत के प्रधान सत्या प्रकाश नेगी ने की। सत्या प्रकाश नेगी का कहना है कि कंपनी ने भविष्य में इस टनल की वजह से कोई भी नुकसान होगा, इसका जिम्मा भी लिया है।
