
रामपुर बुशहर(संदीप वर्मा) रामपुर के वार्ड नंबर तीन में चल रही सोना गलाने की भट्ठी को एक सप्ताह में आबादी से बाहर करना होगा। लोगों की सेहत को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सोना भट्ठी के मालिक को नोटिस जारी कर दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि एक सप्ताह के अंदर भट्ठी का स्थान बदला जाए। नहीं तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसकी पुष्टि प्रदूषण नियंत्रण बोेर्ड के एक्सईएन अजीत नेगी ने की है। अमर उजाला ने लोगों की इस समस्या को प्रमुखता के साथ उठाया था।
रामपुर के वार्ड नंबर 3 में लगी सोना पिघलाने की भट्ठी को प्रदूषण नियंत्रण बोेर्ड ने एक सप्ताह का समय दिया है। यदि इसके बावजूद आबादी से भट्ठी नहीं हटाई गई तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों रोहित घाघटा, देव राज नेगी, रोहित कुमार, फांगडू़ं राम, चंदा देवी, देवेंद्र कुमार और जोबना देवी का कहना है कि निर्देशों को ताक में रख कर अभी भी सोना पिघलाया जा रहा है। उन्होंने बोर्ड से गुहार लगाई है कि सोना पिघलाने वाली इस भट्टी को जल्द से जल्द बंद करवाया जाए। इससे पूर्व भट्ठी मालिक ने प्रदूषण नियंत्रण बोेर्ड से तीन-चार माह का समय मांगा था। मगर बोर्ड ने उसे खारिज कर भट्टी मालिक को इसे बंद करने के लिए एक हफ्ते का समय दिया है। सोना पिघलाने वाली भट्ठी से यहां रह रहे लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। जिसके चलते लोगों को कई बीमारियों ने घेरना शुरू कर दिया था। लोगों ने इससे पूर्व भी इसकी शिकायत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से की थी।
उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ ललित ठाकुर का कहना है कि सोना पिघलाने वाली भट्ठी में नाईट्रिक एसिड और तेजाब का इस्तेमाल हो रहा था। इसे देखते हुए बोर्ड ने भट्ठी मालिक को नोटिस जारी कर इसे एक सप्ताह में दूसरी जगह शिफ्ट करने को कहा है।
