पेयजल किल्लत पर छात्रो का प्रदर्शन

रोहडू(सुंदर औक्टा) बहुतकनीकी संस्थान के छात्रों ने नियमित पेयजल सप्लाई की मांग को लेकर वीरवार को आईपीएच कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि चार दिन से छात्रावास और स्टाफ कालोनी में पानी की सप्लाई ठप है। लिखित में शिकायत पत्र सौंपने के बाद भी पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही है।
बहुतकनीकी संस्थान के छात्र सुनील कुमार, रंजीत चौहान, शुभम ठाकुर, सुमित, अक्षय चौहान, अजय जंबाल, विजय चौहान, नेहा नैंटा, साक्षी चौहान, प्रकाश दिप्टा, सुनील कुल्ला, काका, नीलम, मनीशा, पायल, अमित, सुरजीत ठाकुर, दीक्षा, शिल्पा, रूपाली, मीनाक्षी और राजकुमारी ने बताया कि बहुतकनीकी संस्थान के छात्रावास और स्टाफ कालोनी में चार दिन से पेयजल सप्लाई ठप है। छात्रावास में 80 छात्राएं रह रही हैं। साथ ही चालीस परिवार स्टाफ कालोनी में रह रहे हैं। चार दिन से पानी न आने से सभी को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। इस संबंध में एक लिखित शिकायत विभाग के अधिशासी अभियंता को चार मार्च को सौंप दी गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने नियमित पेयजल सप्लाई देने की मांग उठाई है।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता बीएस राणा ने बताया कि संस्थान के स्टाफ और छात्रों की ओर से पेयजल किल्लत के संबंध में कोई भी शिकायत विभाग को नहीं दी गई थी। समस्या सामने आने के बाद वीरवार दोपहर में ही पेयजल सप्लाई बहाल कर दी गई है।

Related posts