
रोहडू(सुंदर औक्टा) राज्य स्तरीय रोहडू मेले का आयोजन 21 से 23 अप्रैल तक किया जाएगा। मेले के आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर लिया गया है। मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम रोहडू यशपाल सिंह वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। बैठक में रोहडू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय रोहडू मेला हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामलीला मैदान रोहडू में ही आयोजित किया जाएगा। बैठक के दौरान पिछले साल की आय व्यय का ब्यौरा सामने रखा गया। इस दौरान तय किया गया कि मेले में तीनों दिन दोपहर साढ़े बारह बजे से शाम पांच बजे तक उपमंडल के शिक्षण संस्थानों एवं अन्य स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देर शाम साढ़े सात बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। मेले में रोहडू नगर में लगने वाले स्टालों की नीलामी का दिन अगली बैठक में तय किया जाएगा। मेला आयोजन के लिए राशि संग्रहण उपसमिति का गठन, प्लाट अलाटमेंट उपसमिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम उपसमिति, खेलकूद उपसमिति, स्वागत उपसमिति, क्रय कमेटी, रंगमंच व रामलीला मैदान उपसमिति, आवास आवंटन उपसमिति, प्रदर्शनी स्टाल आवंटन उपसमिति, चिकित्सा उपसमिति, यातायात व कानून व्यवस्था उपसमिति का गठन कर लिया गया है। सभी गठित समितियों की बैठक 25 मार्च को बुलाई गई है। बैठक में तय किया गया कि मेले में शामिल होने वाले कलाकार अपने आवेदन दस अप्रैल तक एसडीएम कार्यालय में दे सकते हैं। दस अप्रैल के बाद कोई भी आवेदन नहीं लिया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार नीटू, उपाध्यक्ष सुखदेव चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुमेश चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष देविंद्र खुराना, महासचिव दिनेश चौहान, कार्यालय एवं संगठन सचिव सोहन लाल चौहान, जोगिंद्र चौहान, डीएसपी राजकुमार चंदेल, थाना प्रभारी अमर चंद, डा. रविंद्र मुखिया सहित सभी विभागों के अधिकारी व नगर परिषद के पार्षद उपस्थित थे।
